वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाए जाने के शासनादेश के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा 21 जनवरी 2026 को जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान डबल डेकर, स्लीपर बसों सहित अन्य यात्री बसों एवं वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के अंतर्गत कुल 20 बसों की जांच की गई, वहीं बसों के साथ अन्य वाहनों को मिलाकर कुल 25 वाहनों का चालान किया गया। जांच के दौरान बस चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, सदैव सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा कोहरे को देखते हुए वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वृद्ध यात्रियों के लिए सुरक्षित सीट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में जनपद के प्रमुख चौराहों पर आम जनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पम्पलेट एवं लीफलेट का वितरण कर सुरक्षित यातायात के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया।
उक्त अभियान में प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, यात्री/मालकर अधिकारी सहित परिवहन विभाग का प्रवर्तन स्टाफ उपस्थित रहा।

No comments:
Post a Comment