<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, January 21, 2026

स्वास्थ्य एवं साहित्यिक संगोष्ठी के साथ राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में 21 जनवरी, 2026 को रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं साहित्यिक संगोष्ठी तथा राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य संगोष्ठी में मंडल चिकित्साधिकारी, ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय डॉ. दिलीप कुमार अग्रहरि ने जीवनशैली जनित रोगों से बचाव, रोकथाम एवं उपचार विषय पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, फैटी लीवर एवं हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षणों तथा उनसे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित क्षेत्रीय रेलवे हिन्दी निबंध, वाक्, टिप्पणी, क्विज तथा प्रारूप लेखन प्रतियोगिता–2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। हिन्दी क्विज प्रतियोगिता में 12 अधिकारी एवं 08 कर्मचारी, हिन्दी निबंध प्रतियोगिता में 06 कर्मचारी, हिन्दी वाक् प्रतियोगिता में 06 कर्मचारी तथा हिन्दी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में 06 कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ, पंचम, षष्ठम एवं प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रकाश चन्द्र जायसवाल ने पुरस्कार विजेता रेल कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य एवं साहित्य दोनों ही अत्यंत प्रासंगिक विषय हैं। आधुनिक जीवनशैली और प्रतिस्पर्धा के कारण मानसिक तनाव बढ़ रहा है, जिससे मधुमेह एवं हृदय रोग जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

साहित्यिक संगोष्ठी में वरिष्ठ अनुवादक एवं राजभाषा प्रभारी श्रीमती अनामिका सिंह ने साहित्यकार डॉ. जयशंकर प्रसाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम का संचालन किया। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. मोहम्मद ए. ए. खान सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages