वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पुलिस लाइन बस्ती के परेड ग्राउंड में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल का विस्तृत टोलीवार निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न टोलियों की परेड ड्रिल, मार्च पास्ट, सलामी ग्रहण प्रक्रिया, अनुशासन, वर्दी की एकरूपता, शारीरिक मुद्रा एवं आपसी समन्वय का गहनता से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों, रिक्रूट आरक्षियों एवं अन्य बलों की तैयारियों की सराहना करते हुए कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी जवानों की वर्दी, जूते, बेल्ट एवं अन्य उपकरण स्वच्छ, दुरुस्त और एकसमान होने चाहिए। साथ ही मार्चिंग के दौरान कदमों की एकरूपता, हाथों की स्विंग तथा सिर की सही मुद्रा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
परेड कमांडर एवं सहायक कमांडरों को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करते हुए टोलियों का प्रभावी नेतृत्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमित रूप से रिहर्सल जारी रखते हुए अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व सभी कमियों को दूर कर लिया जाए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित परेड से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment