शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र के ग्राम मकडौर टोला तेलडिहवा में जन चौपाल (बहू–बेटी सम्मेलन) का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक थाना शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।
जन चौपाल के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके साथ होने वाले अपराधों से बचाव, नारी सुरक्षा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट सहित महिला संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग की गई तथा मिशन शक्ति 5.0 के स्टिकर भी चस्पा किए गए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिलाएं वहां अपनी समस्याएं दर्ज करा सकती हैं। इसके अतिरिक्त महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090, 181, 1076, 112, 1098, 108, 101, 14567 एवं 1930—के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
बाल कल्याण अधिकारी अमन शर्मा के सहयोग से बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया तथा उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही यातायात नियमों की भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बाल कल्याण अधिकारी अमन शर्मा, ग्राम प्रधान पप्पू गुप्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनीता सहित स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुल 65 महिलाएं, 22 बालिकाएं तथा 30 पुरुष व बच्चे मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, कांस्टेबल पवन मौर्य तथा महिला कांस्टेबल उर्मिला देवी, शोभा भारती एवं अंबिका शामिल रहीं।
मिशन शक्ति फेज–5.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता को लेकर पुलिस द्वारा निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment