वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बाल एवं किशोर श्रमिकों के चिन्हांकन, अवमुक्तीकरण व पुनर्वासन हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में 28 जनवरी 2026 को जनपद बस्ती में संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना ए0एच0टी0 विनय कुमार पाठक मय टीम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी बस्ती नागेंद्र त्रिपाठी तथा चाइल्ड लाइन टीम ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर जांच की।
अभियान के तहत मालवीय रोड, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, टोल प्लाजा सहित अन्य क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबा एवं स्पा सेंटरों की चेकिंग की गई। इस दौरान बाल श्रम रोकथाम अभियान के अंतर्गत विभिन्न दुकानों व प्रतिष्ठानों के सेवायोजकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया तथा स्पष्ट रूप से बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना कानूनन अपराध है।
जांच अभियान के दौरान 03 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया, जिनके संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा आवश्यक निरीक्षण टिप्पणी भरी गई। साथ ही अभियान के दौरान शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 108, 112, 1076 एवं 181 आदि की जानकारी भी आमजन को दी गई, ताकि बाल श्रम अथवा अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सके।

No comments:
Post a Comment