सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर में यातायात माह नवंबर–2025 का समापन सोमवार को पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में आयोजित समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने की। उन्होंने उपस्थित नागरिकों, पुलिस कर्मियों और स्कूली बच्चों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। समारोह में यातायात माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले स्कूली छात्रों को सम्मानित किया गया।
यातायात माह के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित लेखन, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को पुलिस अधीक्षक ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कला प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 12 के बीच प्रथम स्थान अजीत कुमार, द्वितीय स्थान सामूहिक समूह तथा तृतीय स्थान सामूहिक रूप से आदर्श गुप्ता, नेहा प्रजापति और ससीता प्रजापति को मिला। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 12 के बीच प्रथम स्थान सामूहिक रूप से प्रेरणा गुप्ता और संध्या गुप्ता, द्वितीय स्थान सामूहिक रूप से सभ्या और शमा खातून तथा तृतीय स्थान अनुज्ञा चतुर्वेदी ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी यातायात सुजीत कुमार राय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वर्ष 2024 में 10,486 वाहनों का चालान कर 11,526,200 रुपये शुल्क वसूला गया, जबकि वर्ष 2025 में 18,163 वाहनों का चालान कर 18,915,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। नवंबर 2025 तक कुल 72,879 चालान किए गए और 8,396 शमन किए गए वाहनों से कुल 82,163,700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने लोगों को वाहन चलाते समय रॉन्ग साइड ड्राइविंग न करने, गति सीमा का पालन करने, अगली सीट पर सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, मोबाइल का प्रयोग न करने, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, गलत पार्किंग से बचने और वाहन चलाते समय मास्क लगाने की सलाह दी।
यातायात माह में 53 विद्यालयों के लगभग 30,164 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पीए सिस्टम और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में निबंध और कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न विद्यालयों में बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। 2,563 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। 365 चालकों और पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा हेलमेट पहनकर आने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।
अधिकतम चालान करने वालों में प्रथम स्थान थाना मोहाना, द्वितीय स्थान थाना शिवनगर डिडई तथा तृतीय स्थान थाना इटवा को मिला। व्यक्तिगत श्रेणी में सर्वाधिक चालान करने वालों में मु•आ• शिवशंकर प्रथम, मु•आ• प्रदुम्मन शर्मा द्वितीय और टीएसआई अरमेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment