वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कृषि विज्ञान केन्द्र बंजरिया, जनपद बस्ती में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह (पूर्व प्रधानमंत्री) के जन्मदिन के अवसर पर “किसान सम्मान दिवस” के रूप में किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग महेश शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं जिला भाजपा अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए महेश शुक्ल ने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने किसान हित में ऐतिहासिक कार्य किए, जो आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के साथ पशुपालन अपनाने का सुझाव दिया, जिससे रसायनों का प्रयोग कम होगा और उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से किसान लगातार लाभान्वित हो रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वर्ष 2019 से किसानों को वर्ष में तीन बार दो-दो हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है, किसी भी समस्या पर कृषि विभाग से संपर्क किया जा सकता है। वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस ओ.एन. सिंह ने किसानों को उन्नत खेती में नई तकनीकों के प्रयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम ने फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील करते हुए बताया कि भविष्य में इसी के आधार पर पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न फसलों में अधिक उत्पादन करने वाले 36 जनपद स्तरीय एवं 70 विकास खण्ड स्तरीय किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पुष्टाहार पोटली भी वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक खेती, कृषि एवं बागवानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों की सहभागिता रही।

No comments:
Post a Comment