वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बखिरा/संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह की उपस्थिति में थाना बखिरा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम थाना परिसर में सुसज्जित सलामी गार्ड द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक को सलामी दी गई। इसके पश्चात उन्होंने थाना परिसर एवं कार्यालय का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, पिंक बूथ, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, बंदी गृह तथा महिला हेल्प डेस्क आदि का बारीकी से जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों जैसे अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या/बलवा से संबंधित रजिस्टर तथा बीट सूचना रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, निष्प्रोज्य दंगा नियंत्रण उपकरणों को बदलकर नए प्राप्त करने तथा लंबे समय से थाने में दाखिल अभियोगों से संबंधित लावारिस एवं जब्त वाहनों के विधिक निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनें और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाने पर तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना बखिरा सतीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment