वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बखिरा/संतकबीरनगर। आगामी अम्बेडकर जयंती के दृष्टिगत थाना बखिरा परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
बैठक में क्षेत्र के मूर्ति प्रतिष्ठापक, ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं कानून व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा उपस्थित लोगों से अपील की गई कि कार्यक्रमों के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी जुलूस एवं कार्यक्रम निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही आयोजित किए जाएं तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए।
उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि अम्बेडकर जयंती का आयोजन क्षेत्र में पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना बखिरा सतीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment