वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उ.प्र. पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय कार्यकारिणी का चुनाव कलेक्ट्रेट स्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया प्रदेश कमेटी द्वारा नामित सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष एवं चुनाव अधिकारी रणजीत गौतम की देखरेख में कराई गई, जिसमें संगठन की मजबूत एकता देखने को मिली।
चुनाव में अजय कुमार आर्य को लगातार 9वीं बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा मनसाराम चौधरी को जिला मंत्री, अशोक कुमार चौहान को कोषाध्यक्ष, अमित चक्रवर्ती को संगठन मंत्री तथा भरत कुमार को लेखा सम्प्रेक्षक निर्विरोध चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
चुनाव अधिकारी रणजीत गौतम ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन किया था, लेकिन बाद में सभी ने सहमति जताते हुए अजय कुमार आर्य को निर्विरोध चुन लिया। इसी तरह मंत्री पद पर दो नामांकन हुए थे, जिसमें एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने के बाद मनसाराम चौधरी का चयन हुआ। कोषाध्यक्ष पद पर भी दो नामांकन हुए, लालजी चौधरी के नाम वापस लेने के बाद अशोक कुमार चौहान निर्विरोध चुने गए। अन्य पदों पर भी आपसी सहमति से चयन सम्पन्न हुआ।
नव-निर्वाचित जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और पदाधिकारियों को एकता बनाए रखते हुए कर्मचारियों के हित में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि अब तक संगठन द्वारा उठाए गए अधिकांश मामलों में सफलता मिली है, जिसका कारण आपसी एकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सफाईकर्मियों के उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मस्तराम वर्मा, तौलू प्रसाद, विकास भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामअधार पाल सहित अन्य कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे आपसी एकता और समझ का परिणाम बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment