वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गोरखपुर-मऊ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, बेल्थरा रोड एवं मऊ स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत गौरी बाजार-बैतालपुर खंड के समपार संख्या 136 बी-1 पर लिमिटेड हाइट सब-वे निर्माण कार्य से हुई, जहां महाप्रबंधक ने कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद देवरिया सदर स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण कर ब्लूप्रिंट के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने अहिल्यापुर हॉल्ट स्टेशन पर प्रस्तावित गुड्स शेड का स्थलीय निरीक्षण किया। भटनी जंक्शन पर भी यात्री सुविधाओं और पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सलेमपुर यार्ड में समपार संख्या-07 का संरक्षा निरीक्षण करते हुए सभी मानकों की जांच की गई।
बेल्थरा रोड स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के साथ-साथ यार्ड में प्वाइंट्स का सेफ्टी निरीक्षण किया गया। कीड़िहरापुर-इंदारा सेक्शन में समपार संख्या 29 सी नॉन इंटरलॉक गेट का निरीक्षण कर गेटमैन के संरक्षा ज्ञान की सराहना की गई।
मऊ जंक्शन पर महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजन सुविधाएं, स्वचालित सीढ़ियां, वाटर बूथ, शौचालय और “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल बैरक का भी जायजा लिया।
उन्होंने सभी स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment