वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिले के ग्राम कलवारी से एक सराहनीय पहल सामने आई है, जहां पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। ग्राम कलवारी मुस्ताकम निवासी सूरज चक्रवर्ती को स्थानीय दुकानदारों द्वारा सम्मानित किया गया।
बताया जा रहा है कि सूरज चक्रवर्ती कई वर्षों से बाजार में सामान खरीदते समय कभी भी पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते हैं। वे हमेशा अपने साथ कपड़े या थैले लेकर आते हैं और दुकानदारों से भी पॉलीथिन न देने की अपील करते हैं।
उनकी इसी स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को देखते हुए क्षेत्र के दुकानदारों ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। एक छोटी सी दुकान पर आयोजित कार्यक्रम में दुकानदारों ने उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में युवाओं के प्रेरणाश्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा एवं स्टेशनरी भेंट कर सम्मानित किया।
दुकानदारों का कहना है कि आज के समय में जहां पॉलीथिन पर्यावरण के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है, वहीं सूरज चक्रवर्ती जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
गांव के लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि अगर हर व्यक्ति सूरज चक्रवर्ती की तरह सोचने लगे, तो पर्यावरण को काफी हद तक बचाया जा सकता है।
यह पहल न सिर्फ बस्ती जिले बल्कि पूरे समाज के लिए एक संदेश है कि छोटी-छोटी आदतें भी बड़े बदलाव ला सकती हैं। इस मौके पर सब्जी विक्रेता विपिन मौर्या, किराना दुकानदार मनोज कुमार चौधरी, मेडिकल स्टोर संचालक अभिषेक यादव, दीपू, रुदल, सोनू, विकास आदि लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment