वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उ.प्र. पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय कार्यकारिणी के हालिया चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। संघ के पूर्व पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे विधि विरूद्ध करार दिया है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय, कोषाध्यक्ष पेशकार, जिला मंत्री मनोज चौहान, संगठन मंत्री रामकृपाल चौधरी, ब्लाक अध्यक्ष लालजी निषाद सहित विपिन दूबे, विजय भारत, श्रीचंद, भरतराम, राघव प्रसाद, बलराम यादव, अक्षय यादव आदि ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि अभी तक पुरानी कार्यकारिणी को भंग नहीं किया गया था, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए नया चुनाव करा लिया गया।
आरोप लगाया गया कि गुरुवार को केवल बैठक की सूचना देकर सदस्यों को बुलाया गया और एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया। पूर्व पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का पूर्णतः अभाव रहा।
विज्ञप्ति में यह आरोप भी लगाया गया कि जिलाध्यक्ष अजय आर्या द्वारा सदस्यों से सदस्यता शुल्क की वसूली कर उसका दुरूपयोग किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय ने कहा कि संगठन की एकता बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को विश्वास में लेकर शीघ्र ही निष्पक्ष और विधिसम्मत तरीके से नया चुनाव कराया जाना चाहिए।

No comments:
Post a Comment