वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज आगामी 20 फरवरी को महर्षि वशिष्ठ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा करेंगे। यह भव्य धार्मिक आयोजन बढ़नी मिश्र स्थित वशिष्ठ आश्रम परिसर में संपन्न होगा, जिसमें देशभर से अनेक प्रतिष्ठित संत, विद्वान एवं विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे।
इस अवसर पर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से 18 फरवरी से 26 फरवरी तक वशिष्ठ रामायण कथा का आयोजन किया जाएगा। जगतगुरु जी ने कहा कि विश्व में पहली बार वशिष्ठ रामायण पर कथा का आयोजन प्रस्तावित है, जो आध्यात्मिक दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल होगी।
मध्य प्रदेश के चित्रकूट धाम स्थित तुलसी पीठ पर मंगलवार को जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी से भेंट कर आमंत्रण देने के बाद बस्ती लौटे उनके दीक्षित शिष्य एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व वृन्दावन एवं अयोध्या धाम के विद्वानों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान 15 फरवरी से ही प्रारंभ हो जाएंगे।
इस भव्य समारोह के मुख्य यजमान देश के प्रसिद्ध उद्योगपति चन्द्र भूषण मिश्र, रत्नेश मिश्र, शतीश कुमार मिश्र, आशुतोष मिश्र, राजेश त्रिपाठी, अवधेश मिश्र, विनोद उपाध्याय, आदेश मिश्र, विजय मिश्र, मयंक श्रीवास्तव, अविनाश मिश्र, गुरुदत्त मिश्र, शिव बख्श मिश्र, शिव प्रकाश मिश्र, सालिगराम त्रिपाठी, राकेश मिश्र, सुरेश चंद्र मिश्र, विकास मिश्र, देवेश धर द्विवेदी, अश्वनी राज, मास्टर शिव, अविनाश श्रीवास्तव सहित सैकड़ों धर्मावलंबी कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक एकता को नई दिशा देगा।

No comments:
Post a Comment