बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसम्बर 2025 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और आमजन में व्यापक जागरूकता फैलाने की दिशा में आज जनपद न्यायालय परिसर से जोरदार रैली निकाली गई। रैली को मा. जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार–XIV ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा सभी तहसीलों में एक साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में ऐसे सभी वाद शामिल किए जाएंगे जिनका निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर संभव है। इसके तहत आपराधिक शमनीय वाद, परकाम्य लिखत अधिनियम की धारा–138 से जुड़े मामले, बैंक वसूली विवाद, मोटर दुर्घटना मुआवजा याचिकाएँ, श्रम व पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, विद्युत एवं जलकर विवाद, सेवा संबंधी वेतन व सेवानिवृत्ति लाभ, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल वादों का निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वादों को लोक अदालत में लाकर सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित करने का लक्ष्य रखा गया है जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सके।
रैली एवं कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रिजवानुल हक, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुश्री आराधना रानी, प्रथम अपर जिला जज शिव चन्द समेत अनेक न्यायिक अधिकारी एवं बार काउंसिल के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment