बस्ती। भारतीय जनता पार्टी ने विशेष सघन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिशन मोड में चलाते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर विशेष जोर दिया है। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने अभियान की प्रगति का विस्तृत अनुशीक्षण किया। बैठक में जिला संयोजक, विधानसभा संयोजक तथा सभी मण्डल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा अपेक्षित स्तर की सक्रियता नहीं दिखाई जा रही है, जिस पर संगठन ने कठोर रुख अपनाते हुए उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं और चेतावनी जारी की। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र संगठन, सेवा और समर्पण है, इसलिए एसआईआर अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने सभी मंडलों में अभियान की गति बढ़ाने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश दिए।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बताया कि बस्ती जनपद में अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता को 4 दिसंबर तक प्रतिदिन कम से कम 25 घरों का भ्रमण कर मतदाता सूची का सत्यापन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने में किसी को कठिनाई हो तो कार्यकर्ता मौके पर ही सहायता प्रदान करें, क्योंकि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।
बैठक में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, संजय प्रताप जायसवाल, चन्द्र शेखर मुन्ना, अखण्ड प्रताप सिंह, अंकुर वर्मा, दिलीप पाण्डेय, कामेंद्र चौहान, गंगेश सिंह, धर्मेन्द्र जायसवाल, राजकुमार शुक्ला, गौरवमणि त्रिपाठी, लवकुश शुक्ला, गौरव अग्रवाल, दिव्यांशु दूबे, आदित्य शर्मा, दिलीप भट्ट, वेद प्रकाश त्रिपाठी, राम निवास गिरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment