लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के पूर्वांचल के वरिष्ठ नेता एवं संत कबीर नगर के प्रभारी अजय सिंह गौतम से आज मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ में पूर्व उपनिदेशक एवं मुख्यमंत्री मीडिया सेल के सदस्य डॉ. मुरलीधर सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार वैभव सौरभ सील चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान अजय सिंह गौतम ने डॉ. मुरलीधर सिंह की संगठनात्मक क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और मीडिया प्रबंधन में उनकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि बार काउंसिल चुनाव में उन्हें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा पार्टी कैडर को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए, ताकि वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुनः प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में संगठन को कोई कठिनाई न हो।
श्री गौतम ने यह भी उल्लेख किया कि डॉ. सिंह योगी सरकार में मीडिया प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं तथा बस्ती और अयोध्या मंडल के उपनिदेशक के रूप में उन्होंने जनसंपर्क और प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह मांग भी रखी कि डॉ. मुरलीधर सिंह को गोरखनाथ मठ में प्रभारी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाए, जिससे वे जनसेवा को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।
भेंट के दौरान प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य, संगठनात्मक गतिविधियों और पूर्वांचल में पार्टी की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। श्री गौतम ने बताया कि वे इन दिनों लखनऊ, दिल्ली और पूर्वांचल के सघन दौरे पर हैं। मुलाकात के दौरान बिहार के आगामी चुनावों को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment