बस्ती। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी बस्ती एवं दिव्यांश मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में रौतापार, ब्लॉक रोड पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। स्थानीय समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए इस चिकित्सा कैम्प में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, सीबीसी, कोलेस्ट्रॉल, बीएमआई, एलएफटी, केएफटी, ईसीजी, पीएफटी, यूरिक एसिड सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। इन परीक्षणों के माध्यम से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं का समय रहते पता लगाने में लोगों को बड़ी सुविधा मिली।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, गायनोकॉलॉजी और क्रिटिकल केयर यूनिट के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श उपलब्ध कराया गया। लगभग 175 से अधिक लोगों ने यहाँ अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। बिना अपॉइंटमेंट के लोग सीधे पहुंचकर सेवाएं प्राप्त कर सके।
उपसभापति एल.के. पाण्डेय ने कहा कि ऐसे शिविर लोगों को समय रहते रोगों का पता लगाने में मदद करते हैं, जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव संभव होता है। वहीं कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ओझा ने इसे स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
दिव्यांश मेडिकल सेंटर के संरक्षक डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने रेडक्रॉस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन को स्वास्थ्य सुरक्षा का अवसर मिला है। रेडक्रॉस के सभापति डॉ. प्रमोद चौधरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जीतेन्द्र चौधरी, रणविजय सिंह, सत्येंद्र दूबे, डॉ. धीरेन्द्र, डॉ. पुष्पेंद्र, डॉ. रूचि पाण्डेय, चंद्र प्रकाश पाठक, राज मंगल पाण्डेय, राजीव पाण्डेय, डॉ. सुरभी, आरुषि चौहान, सत्यम श्रीवास्तव, यशोधरा, निधि, श्रेया, तनु आदि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment