लखनऊ। इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) के सेवा प्रकल्प बृज की रसोई द्वारा आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाबा नीम करौली जी की प्रेरणा से चल रहे इस अभियान के तहत जरूरतमंदों तक स्वच्छ व पौष्टिक भोजन पहुँचाकर मानवता की मिसाल पेश की गई।
सायं 3 बजे साईं मंदिर, सेक्टर–जे से शुरू हुए कार्यक्रम में संस्था सदस्यों व स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता दी। वितरण दल ने निर्धारित मार्गों पर निराश्रित, अकिंचन, असहाय बच्चों व जरूरतमंद परिवारों को ताज़ा भोजन उपलब्ध कराया। सेवा टीम ने पूरे अभियान में शालीनता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए सामुदायिक सद्भाव का संदेश प्रसारित किया।
संजय श्रीवास्तव ने बताया कि बड़ी संख्या में बच्चों और बुजुर्गों ने भोजन ग्रहण किया। अनुराग दुबे ने इसे अन्नदान के साथ-साथ समाज में प्रेम और करुणा फैलाने का माध्यम बताया। संस्था प्रत्येक सप्ताह ऐसे ही कार्यक्रमों से हजारों जरूरतमंदों की सहायता कर रही है।
विकास पाण्डेय के अनुसार सेक्टर–एम रिक्शा कॉलोनी, रतन खंड पार्क, अंबेडकर विश्वविद्यालय के पास झुग्गी–झोपड़ियों, निर्माण स्थलों के श्रमिक आवासों और नगर निगम जोन–8 की मलिन बस्तियों में भोजन वितरण किया गया। लगभग 1500 लोगों को सप्रेम राजमा–चावल परोसा गया।
इस सेवा अभियान में संजय श्रीवास्तव, दीपक भुटियानी, अनुराग दुबे, नितिन गुप्ता, ओमप्रकाश लोधी, मुकेश कनौजिया एवं दिव्यांश शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संस्थापक विपिन शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे सेवा की इस धारा को निरंतर बनाए रखें, ताकि जरूरतमंदों के जीवन में सुरक्षा और उम्मीद की रोशनी पहुँचती रहे।

No comments:
Post a Comment