बस्ती। जनजातीय गौरव वर्ष 2025 के अवसर पर आज बस्ती जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। ब्लॉक रोड स्थित सिमरन पैराडाइज में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति, एकता और भारत की जीवंत जनजातीय विरासत को समर्पित विविध सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि नितेश शर्मा ने इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जनजातीय सशक्तिकरण और सांस्कृतिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की विरासत और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों के योगदान को सम्मानित करने के लिए जिले में कई कार्यक्रम, आउटरीच अभियान और सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। यह पहल यूनिक वेलफेयर सोसायटी और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से की जा रही है।
डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि जयंती के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, छात्र सहभागिता कार्यक्रम और अन्य रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि युवा शिक्षार्थियों में जनजातीय इतिहास और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और यात्रा तथा जनजातीय जीवन व संस्कृति की समृद्ध विविधता को प्रदर्शित करती एक चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने संग्रहालय भ्रमण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक फोटो सत्र में भाग लेकर इस अवसर को उत्सव में बदल दिया।
इस मौके पर सचिव संजय कुमार गौतम, बबिता गौतम, माधुरी, श्रद्धा शर्मा, विवेक मिश्र, मंगला मौर्य, राम मूर्ति मिश्र, सुरेश पाण्डेय, अहमद अली और अरविंद कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment