बस्ती। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हर्रैया क्षेत्र में आयोजित एकता यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे नारायनपुर मिश्र प्राथमिक विद्यालय से हुआ, जिसका नेतृत्व हर्रैया विधायक अजय सिंह ने किया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी समीर सिंह रहे। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लिए यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। 100 मीटर लंबा तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा।
बुधईपुर होते हुए यात्रा आर.के. विक्रम सिंह इंटर कॉलेज पहुंची, जहां सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर जनसभा का आरंभ किया गया। पूरे मार्ग में ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारे गूंजते रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि समीर सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया, लेकिन उन्हें इतिहास में वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे अधिकारी थे। विधायक अजय सिंह ने भी पटेल की कार्यशैली और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
जनसभा में विभिन्न वक्ताओं ने पटेल के योगदान का स्मरण कराया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पदयात्रा में पार्टी पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में जनता एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

No comments:
Post a Comment