संत कबीर नगर। दीपावली और भाईदूज पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य (ग्रेड-2) सतीश कुमार के नेतृत्व में खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के गोला बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने राजश्री स्वीट्स से एक नमूना पनीर का, सदाबहार स्वीट्स से एक सैंपल पनीर का तथा सागर ट्रेडर्स से एक नमूना हल्दी का संग्रहित किया। इसके अलावा सदाबहार भोजनालय एवं स्वीट्स की सफाई व्यवस्था और अन्य मानकों की जांच की गई। आवश्यक सुधार हेतु प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन न करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टीम द्वारा सभी प्रतिष्ठानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट एप’ (ग्राहक संतुष्टि फीडबैक) के स्टीकर भी चस्पा कराए गए ताकि आमजन अपने मोबाइल से तुरंत फीडबैक या शिकायत दर्ज कर सकें।
संग्रहित नमूनों को जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां से रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल, सच्चिदानंद गुप्ता, बृजेश कुमार तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment