संत कबीर नगर । कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान और गंगा स्वच्छता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण जन अभियान-2025 के तहत किए गए वृक्षारोपण की शत-प्रतिशत जियोटैगिंग, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी विभागवार तय की जाए ताकि अभियान के वास्तविक उद्देश्यों की पूर्ति हो सके।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के पालन की समीक्षा की गई। एम.आर.एफ. सेंटर के निर्माण व संचालन, ठोस अपशिष्ट के एकत्रण से लेकर अंतिम निस्तारण तक की व्यवस्था तथा सेकेंडरी स्टोरेज फैसिलिटी, कम्पोस्टिंग, आरडीएफ और लिगेसी वेस्ट की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।
वाहनों से उत्पन्न प्रदूषण को रोकने हेतु किए गए उपायों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने बखिरा झील में गिरने वाले तीन नालों की टैपिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश नगर पंचायत बाघनगर (बखिरा) को दिया।
जिला गंगा समिति की बैठक में शहरी क्षेत्रों से आने वाले नालों और ड्रेन्स के चिन्हांकन तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना से संबंधित कार्यों की प्रगति पर समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा और उससे जुड़ी सहायक नदियों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, तहसीलदार सदर आनंद कुमार ओझा, तहसीलदार मेंहदावल अल्पिका वर्मा, ईओ नगर पालिका अवधेश भारती, अधिशासी अभियंता (ड्रेनेज खंड-2) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment