बस्ती। एडीजी जोन गोरखपुर के निर्देश, डीआईजी रेंज बस्ती के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना बस्ती ने अपनी टीम के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया।
इस अवसर पर महिला हेड कांस्टेबल शांति यादव तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका वर्मा, श्यामा पाठक, सुमन यादव, रश्मि सिंह और कंचन मिश्रा सहित पूरी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में लगभग 225 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। टीम ने गांव में भ्रमण कर महिलाओं से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
महिलाओं को चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 108, 1098, 1930 आदि की जानकारी देते हुए गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और साइबर अपराधों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान एक बेटी ने अपनी शिक्षा संबंधी समस्या बताई, जिस पर पुलिस टीम ने उसके माता-पिता को समझाकर पढ़ाई जारी रखने के लिए राजी कराया। इसी प्रकार कई बहुओं की घरेलू समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि इस सम्मेलन से उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली तथा एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

No comments:
Post a Comment