बस्ती। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत शनिवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्कूलों, बाजारों, गांवों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
थाना मुंडेरवा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुंडेरवा, मुंडेरवा बाजार, गन्ना विकास इंटर कॉलेज और एसडीएस इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया गया। वहीं, रुधौली थाना क्षेत्र के ग्राम लोहरौली और भीतेहरा तथा नगर थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला व कस्बे में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के उपाय बताए गए।
पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 व 102 की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment