<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 28, 2026

इसरो वैज्ञानिक ने विद्यार्थियों को दिखाए अंतरिक्ष में सफलता के सपने

- डॉ. निशंक श्रीवास्तव बोले- लक्ष्य निर्धारित कर आज से ही शुरू करें तैयारी, मेहनत और जिज्ञासा से मिलेगी सफलता


गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग में आयोजित 24वें अखिल भारतीय विज्ञान मेले में शनिवार को इसरो वैज्ञानिक डॉ. निशंक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छूने के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन और परिश्रम करना होगा।

उन्होंने मंगलयान, चंद्रयान और गगनयान जैसे अभियानों की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि वैज्ञानिक सोच, सामूहिक प्रयास और समर्पण से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। पीपीटी और वीडियो के माध्यम से उन्होंने रॉकेट की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष में जीवन की परिस्थितियों तथा वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी दी। साथ ही गणितीय सूत्रों और न्यूटन के गति संबंधी नियमों को उदाहरणों के जरिए समझाया।

डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि इसरो में वैज्ञानिक बनने के इच्छुक विद्यार्थी कक्षा 12वीं का इंतजार न करें, बल्कि अभी से विषयों की गहरी समझ विकसित करें। विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। अपने विद्यालय के पूर्व छात्र को इसरो वैज्ञानिक के रूप में देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह रहा।

इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विज्ञान मेले में क्विज, विज्ञान प्रयोग, प्रदर्श और पत्रवाचन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रविन्द्र कान्हेरे, अखिल भारतीय मंत्री प्रो. कमल किशोर सिन्हा, पूर्व कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे, यतीन्द्र, हेमचंद, डॉ. राममनोहर, डॉ. रामनाथ गुप्त, राम सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, शिक्षाविद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथि परिचय बांके बिहारी पांडेय ने कराया तथा आभार ज्ञापन जियालाल ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages