बस्ती। शिक्षकों की पदोन्नति में हो रही देरी के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर चल रहा धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। पदोन्नति आदेश जारी करने और काउंसिलिंग जनपद स्तर पर कराने की मांग को लेकर पांच शिक्षक अनशन पर बैठे। इनमें कृष्ण बहादुर पाल, अखिलेश तिवारी, विजय प्रकाश, श्याम नरायन मिश्र और विपिन शुक्ल शामिल रहे।
संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में शिक्षक पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की थी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि छह नवंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने 20 नवंबर से पहले पदोन्नति आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची भी जारी कर दी गई, लेकिन अब तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुआ।
उन्होंने 16 नवंबर को जारी उस आदेश पर भी आपत्ति जताई, जिसमें सभी विकासखंडों में 23 और 25 नवंबर को काउंसिलिंग कराने का निर्देश दिया गया था। संघ का कहना है कि विकासखंड स्तर के बजाय जनपद स्तर पर काउंसिलिंग कराई जाए, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। प्रदेश के कई जिलों में जनपद स्तर पर काउंसिलिंग के बाद पदोन्नति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों के संघर्ष के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। अब नवागत बीएसए से मांग की जाएगी कि काउंसिलिंग कराकर जल्द से जल्द पदोन्नति आदेश जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को भी अनशन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
धरने को वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद दूबे, जिला मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त मंत्री राजकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव, सदर अध्यक्ष शैल कुमार शुक्ला सहित रीता शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, रजनीश मिश्र, संतोष कुमार शुक्ल और अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कैलाशनाथ ने किया।
जिला प्रवक्ता सूर्यप्रकाश शुक्ल ने बताया कि धरने में प्रणव मिश्र, अमरेश कुमार द्विवेदी, लवकुश त्रिपाठी, अमित कुमार पाण्डेय, रामलखन दूबे, राम औतार, चंदन कुमार, ओम प्रकाश, ज्ञानेश्वर शुक्ल, अरविंद कुमार पाण्डेय, रविंद्रनाथ, संध्या त्रिपाठी, अफशा परवीन, शिवम शुक्ल, श्वेता चौधरी, गीता गौतम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment