<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 28, 2026

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बजाज चीनी मिल रूधौली में पेराई सत्र का शुभारंभ

- जनप्रतिनिधियों ने किया पूजन, किसानों का अंगवस्त्र व मिठाई देकर हुआ सम्मान



रूधौली, बस्ती। बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड की रूधौली चीनी मिल में शनिवार को नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, मिल अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी रही।



मुख्य अतिथि गोविंद नगर गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष पुष्कर आदित्य सिंह, बस्ती गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह 'पिंकू', डुमरियागंज की विधायक सायदा खातून, रूधौली ब्लॉक प्रमुख आलोक चौधरी और रामनगर ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह ने पूजन-अर्चन कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।

इससे पहले मिल परिसर में गन्ना लदी बैलगाड़ी, ट्रॉली और ट्रक का पारंपरिक पूजन किया गया। इसके बाद डोंगे में गन्ना डालकर पेराई कार्य शुरू कराया गया। इस मौके पर बैलगाड़ी से गन्ना लेकर पहुंचे किसान को विधायक सायदा खातून, ट्रॉली वाले किसान को पुष्कर आदित्य सिंह और ट्रक से गन्ना लाने वाले किसान को प्रदीप कुमार सिंह 'पिंकू' ने अंगवस्त्र एवं मिठाई देकर सम्मानित किया। मिल परिसर में किसानों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।

इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने कहा कि मिल प्रबंधन किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडे ने किसानों से साफ, ताजा और जड़-पत्ती रहित गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गन्ना पर्ची वितरण और तौल की प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है।

कार्यक्रम में मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान, इंजीनियरिंग हेड श्रवण सिंह, उपमहाप्रबंधक अनिल कुमार शुक्ला, सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडे, क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह और श्याम नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जोनल एचआर प्रमुख एनके शुक्ला ने अतिथियों, समिति पदाधिकारियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Pages