<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 28, 2026

मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही पर मंडलायुक्त सख्त, कई बूथों पर मिलीं खामियां

- बीएलओ के पास न रजिस्टर मिला, न पहचान पत्र; फार्म-6, 7 और 8 की कम संख्या पर जताई नाराजगी


बस्ती। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही मिलने पर रोल प्रेक्षक एवं मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बस्ती सदर और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति परखी। इस दौरान कई बूथों पर बीएलओ के पास रजिस्टर और पहचान पत्र नहीं मिले, जबकि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 की संख्या भी काफी कम पाई गई।

मंडलायुक्त ने बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के गांधीकला भवन स्थित बूथ संख्या 129 से 133 का निरीक्षण किया। यहां पांचों बूथों के बीएलओ एक साथ बैठे मिले। किसी के पास बीएलओ रजिस्टर नहीं था और न ही उन्होंने पहचान पत्र लगा रखा था। इस पर उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रमोद कुमार को सभी बीएलओ के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था कराने और पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपना पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें, ताकि मतदाताओं को उनकी पहचान करने में परेशानी न हो।

इसके बाद प्राथमिक विद्यालय बैरिहवां के बूथ संख्या 124, 125 और 126 का निरीक्षण किया। बूथ संख्या 124 की बीएलओ चंद्रकला के कार्यों से संतुष्ट होकर मंडलायुक्त ने उनकी सराहना की। वहीं, फार्म-6, 7 और 8 की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।

कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय कप्तानगंज-द्वितीय स्थित बूथ संख्या 299 और 300 पर भी फार्म-6 की संख्या कम मिली। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने सभी बूथों पर बीएलओ रजिस्टर और पहचान पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ फार्म-6, 7 और 8 की संख्या बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों का सहयोग लेने का निर्देश दिया। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रमोद कुमार, प्रद्युम्न कुमार, शशि बिंद कुमार द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages