<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 28, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण में सुस्ती पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी, बीएलओ को दिए कड़े निर्देश

- बूथों पर न पहचान पत्र मिले और न रजिस्टर, फार्म-6, 7 व 8 की प्रगति भी मिली धीमी



बस्ती। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया में लापरवाही सामने आने पर रोल प्रेक्षक एवं मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने नाराजगी जताई। शनिवार को उन्होंने बस्ती सदर और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत देखी। इस दौरान कई बूथों पर बीएलओ के पास पहचान पत्र और जरूरी रजिस्टर तक नहीं मिले। वहीं, फार्म-6, 7 और 8 की प्रगति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के गांधीकला भवन स्थित बूथ संख्या 129 से 133 के निरीक्षण में पांचों बीएलओ एक साथ बैठे मिले। किसी के पास पहचान पत्र और बीएलओ रजिस्टर नहीं था। इस पर मंडलायुक्त ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रमोद कुमार को सभी बीएलओ के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था कराने और पहचान पत्र व रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें, जिससे मतदाताओं को उनकी पहचान करने में आसानी हो।

प्राथमिक विद्यालय बैरिहवां के बूथ संख्या 124, 125 और 126 के निरीक्षण में बूथ संख्या 124 की बीएलओ चंद्रकला के कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने फार्म-6, 7 और 8 सहित जेंडर रेशियो और बीएलओ रजिस्टर के संबंध में जानकारी दी। हालांकि, 17 नवंबर से अब तक फार्म-6 की संख्या कम मिलने पर मंडलायुक्त ने पात्र मतदाताओं के आवेदन शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।

कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय कप्तानगंज-द्वितीय स्थित बूथ संख्या 299 और 300 पर भी फार्म-6 की संख्या कम मिली। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों का सहयोग लिया जाए। बूथों पर फ्लेक्सी और बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा प्रत्येक बीएलओ को पहचान पत्र और रजिस्टर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages