<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, November 5, 2026

त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सुरक्षा के लिए बनाई गई विशेष रणनीति


बस्ती। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। धनतेरस, दीपावली, भाईदूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा के मद्देनजर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं। सभी नागरिक मिल-जुलकर पर्व मनाएं और जिले की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सौहार्दपूर्ण परंपरा को कायम रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, बिजली, पानी, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को ठीक कराने और लोकल फाल्ट का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों को विसर्जन मार्गों का सुदृढ़ीकरण एवं समतलीकरण कराने को कहा। सभी विसर्जन घाटों पर गोताखोर, नाव और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का पालन तथा प्रतिमा स्थापना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। पूजा और आरती स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को त्योहारों के दौरान अलर्ट रहने को कहा। सीएचसी और पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती तथा जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 05542-247128 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन तत्काल समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करेगा। वहीं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की अहम भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के मद्देनजर बस्ती में लागू रूट डायवर्जन का पालन करने की भी अपील की।

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता ने बताया कि जीआईसी, आईटीआई और पांडेय स्कूल परिसर में पटाखों की दुकानें निर्धारित की गई हैं। दुकानदारों को अनुमति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही दुकान लगाने तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पानी, बालू और अग्निशमन उपकरण रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, सीएमओ डॉ. राजीव निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages