बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सिविल लाइन स्थित सेन्ट्रल अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा किसान इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों में व्यवस्थाओं और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर निगरानी व्यवस्था भी देखी। उन्होंने परीक्षा कक्षों सहित निर्धारित सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

No comments:
Post a Comment