बस्ती। रामनगर ब्लॉक की ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ोखर के परिसर में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न न्याय पंचायतों के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खेल मैदान में बच्चों का जोश, उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने लायक रही। खो-खो, कबड्डी, दौड़ और लंबी कूद सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बड़ोखर न्याय पंचायत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रामनगर की उपस्थिति में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक शिक्षक संघ रामनगर के अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह एवं एआरपी गणित हरिकृष्ण उपाध्याय मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संयोजन विनोद कुमार और दिलीप कुमार द्विवेदी ने किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में खो-खो बालिका वर्ग में बड़ोखर ने प्रथम तथा नरखोरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में भी बड़ोखर की टीम विजेता रही, जबकि कलंदर नगर दूसरे स्थान पर रहा। कबड्डी के बालक वर्ग में बड़ोखर ने पहला और घोषण ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में भी बड़ोखर प्रथम तथा नरखोरिया द्वितीय रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 50 मीटर दौड़ में क्रांति ने प्रथम और आफरीन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में बड़ोखर की निशु प्रथम तथा शंकरपुर की क्रांति द्वितीय रहीं। 200 मीटर बालक वर्ग में शंकरपुर के शिवा ने बाजी मारी, जबकि तुसायल के हरिओम दूसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद बालक वर्ग में घोषण के विपिन प्रथम और शंकरपुर के अभय द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में बड़ोखर की अंशिका ने पहला तथा शंकरपुर की क्रांति ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान जाकिर हुसैन, दिनेश चौरसिया, अनिल मौर्य, अमरेज यादव, अनूप कुमार, अमरजीत, प्रदीप कुमार, सत्यम, अभिषेक कुमार, गौतम कुमार, रामविलास, नरेंद्र भारती एवं प्रमोद पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment