<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, November 2, 2026

एथलेटिक्स में बस्ती के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, 23 पदक जीत प्रदेश में रचा कीर्तिमान


बस्ती। लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बस्ती के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया। 31 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में बस्ती के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 23 पदक हासिल कर प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सात खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की।

उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 40 आयु वर्ग में अनिल यादव ने ऊंची कूद में स्वर्ण और हाफ स्टेप जंप में रजत पदक जीता। 45 आयु वर्ग में सुनील सिंह ने गोला फेंक और भाला फेंक में स्वर्ण तथा डिस्कस थ्रो में रजत पदक हासिल किया। 50 आयु वर्ग में चंद्र भूषण सिंह ने 400 मीटर हर्डल में स्वर्ण और 100 मीटर हर्डल में रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

वहीं 55 आयु वर्ग में राजेश कुमार सिंह ने गोला फेंक और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक प्राप्त किया। 35 आयु वर्ग में दुर्गेश पाल ने हाई जंप में रजत पदक जीता। 40 आयु वर्ग में रज्जब अली ने हैमर थ्रो में रजत तथा भाला फेंक और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया। जबकि 75 आयु वर्ग में राम दयाल यादव ने हैमर थ्रो में रजत पदक जीतकर उम्र को खेल के जुनून के आगे बौना साबित कर दिया।

राना दिनेश प्रताप सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बस्ती के खेल इतिहास के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में होने वाली राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी जनपद के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे और महर्षि वशिष्ठ की पावन धरती का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Pages