बस्ती। भाजपा महिला जिलाध्यक्ष एवं रौतापार वार्ड की सभासद मंजू श्रीवास्तव ने धनतेरस, दीपावली एवं भैयादूज पर जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरेंगी। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की पुनः सरकार बनाने के लिए महिलाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी।
मंजू श्रीवास्तव ने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी के बिना मजबूत समाज और सशक्त संगठन की कल्पना नहीं की जा सकती। गांव, गली और मोहल्लों तक महिलाओं को पार्टी से जोड़कर महिला शक्ति को नई मजबूती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। वह संगठन के माध्यम से जन-जन तक सकारात्मक सोच और विकास का संदेश पहुंचाने का काम करेंगी।
उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र तथा पार्टी के जिला एवं शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें संगठन की सेवा करने और आमजन के बीच पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का अवसर मिला है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता से किया जाएगा।
सभासद के रूप में अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रौतापार वार्ड की जनता के विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें लगातार जनसेवा का अवसर मिल रहा है। वार्ड में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाती है। त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास रहता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड की जनता के हित में विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
दीपावली के मद्देनजर मंजू श्रीवास्तव साधना देवी, मंजू यादव, पूजा, सीमा, वंदना, राधा देवी, साधना श्रीवास्तव, बबिता आर्या, सुगना देवी, श्यामकली एवं पुष्पा जायसवाल के साथ वार्ड में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही हैं, जिससे पर्व के दौरान स्वच्छता बनी रहे।

No comments:
Post a Comment