गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से सोमवार को गोरखपुर में यातायात सुरक्षा माह-2026 का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की हिदायत दी गई।
इस दौरान इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से भी वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग के खतरों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात सुरक्षा माह के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
गोरखपुर पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट सहित यातायात पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment