वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय रेल में 1 से 15 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर सहित तीनों मंडलों के प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को ‘ठोस अवशिष्ट प्रबंधन’ थीम के तहत सफाई मित्रों और रेलकर्मियों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, पृथक्करण और सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी गई।
लखनऊ मंडल के गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, ऐशबाग, बस्ती, खलीलाबाद, सीतापुर और मैलानी सहित विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कोचिंग डिपो और लोको शेड में कर्मचारियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा निर्धारित तरीके से निस्तारित करने के बारे में जागरूक किया गया। इसके लिए अलग-अलग डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए। जनसम्बोधन प्रणाली और स्वच्छता संबंधी संदेशों के माध्यम से यात्रियों से स्टेशन परिसर साफ रखने की अपील की गई।
वाराणसी मंडल में पैंट्री और कैटरिंग कर्मचारियों, वेंडरों तथा संविदाकर्मियों को कचरा पृथक्करण के नियमों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने निर्धारित नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। वहीं, इज्जतनगर मंडल के प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में भी सफाई मित्रों एवं रेलकर्मियों को कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। यहां गीले और सूखे कचरे के लिए चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त डस्टबिन की व्यवस्था की गई।
रेलवे प्रशासन ने सार्वजनिक घोषणाओं, स्वच्छता संदेशों और सोशल मीडिया के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। रेलवे ने यात्रियों से ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के संदेश को अपनाते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

No comments:
Post a Comment