बस्ती। बाढ़ और अतिवृष्टि से फसल बर्बाद होने पर किसानों को राहत देने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के 2222 किसानों के बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 65 लाख 66 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से अंतरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।
फसल क्षति के सर्वे के अनुसार, तहसील हर्रैया और सदर क्षेत्र में अब तक 8457 किसान प्रभावित पाए गए हैं। इनकी कुल 4002 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। प्रभावित किसानों के लिए करीब सात करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई है। यह धनराशि राहत पोर्टल के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से तहसील हर्रैया के 20 और सदर तहसील के 10 किसानों को चेक वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब सोनकर, सदर विधायक प्रतिनिधि मो. सलीम अहमद, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह और प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन तिवारी ने संयुक्त रूप से किसानों को चेक प्रदान किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि योगी सरकार में ‘किसान समृद्ध तो उत्तर प्रदेश समृद्ध’ का संकल्प साकार हो रहा है। किसानों को सहायता राशि के लिए बिचौलियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि धनराशि सीधे उनके खातों में पहुंच रही है। उन्होंने इसे पारदर्शी व्यवस्था की पहचान बताया।
हर्रैया तहसील के लाभार्थियों में महेंद्र सिंह, उमेश कुमार सिंह, शर्मिला, रामदेव यादव, लाल मोहम्मद, सुखई, राम प्रताप, फूलचंद्र, परसुराम, लक्षीराम, राकेश कुमार निषाद, राम पियारे, राम जगत, हरिश्चंद्र, राम विलास, विजय बहादुर, राम पांडेय, अरुण कुमार पांडेय, कोदई और मनकू शामिल रहे। वहीं, सदर तहसील के लाभार्थियों में मुन्ना राम, रामफेर, अवधेश, गेनालाल, सुनील, संदीप कुमार, रामवृक्ष यादव, गंगा राम, राज बहादुर और तारा सिंह को चेक दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, उप जिलाधिकारी हर्रैया प्रद्युम्न कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment