निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने महाराजगंज (बिहार) के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के साथ स्टेशन के निर्माण कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए द्वितीय प्रवेश द्वार की कार्ययोजना तैयार करने तथा पुनर्विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
महाप्रबंधक ने द्वितीय प्रवेश द्वार के लेआउट, पेयजल व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। पे एंड यूज शौचालय, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, आरपीएफ ड्यूटी पोस्ट और स्टेशन अधीक्षक कक्ष में रखी विभिन्न पंजिकाओं का भी अवलोकन किया। बुकिंग कार्यालय-सह-आरक्षण केंद्र में व्हीलचेयर, स्ट्रेचर और रिले रूम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके बाद महाप्रबंधक ने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और महाराजगंज विधायक हेम नारायण साह के साथ महाराजगंज स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन, गुड्स शेड और समपार पर बन रहे अंडरपास (एलएचएस) का जायजा लिया। गुड्स शेड में माल की सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश-निकास, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंडरपास निर्माण के दौरान संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे और वाराणसी मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment