बस्ती। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बिजली की निर्बाध आपूर्ति, ढीले तारों को दुरुस्त करने और लोकल फाल्ट का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन मार्गों की मरम्मत एवं समतलीकरण के साथ घाटों पर गोताखोर, नाव और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, पंडालों में विद्युत सुरक्षा तथा आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे निर्धारित मानकों के अनुसार बजाने और अवैध पटाखों व मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रत्येक पंडाल में सुरक्षा के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें। डीजे निर्धारित मानकों के विपरीत बजाने पर संचालक के साथ संबंधित दुर्गा पूजा आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित समय और व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता, एएसपी श्यामकांत, सीएमओ डॉ. राजीव निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment