वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विशेष सचिव पंचायती राज, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नामित नोडल अधिकारी राजेश त्यागी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकासखंड हर्रैया, कुदरहा, सल्टौआ गोपालपुर एवं विक्रमजोत में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी ने चारों विकासखंडों में शासन द्वारा निर्धारित विकास मानकों एवं संकेतकों के आधार पर हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों में विकास के विभिन्न मानकों में सुधार कर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। जिन क्षेत्रों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, उन्हें चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
नोडल अधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने, विकास कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान करने को भी कहा।
बैठक में सीडीओ सार्थक अग्रवाल, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं चारों विकासखंडों के बीडीओ मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment