वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के आदेश पर महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रैक्सिस विद्यापीठ और शिवा कॉलोनी के आसपास भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग की गई तथा बाजार आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
महिला कांस्टेबल रुचि वर्मा, दीक्षा शुक्ला, शिल्पी जायसवाल और सोनी भारती ने महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने संकट के समय सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। जरूरत पड़ने पर पुलिस के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
चेकिंग के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 55 व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इनमें से एक व्यक्ति से माफीनामा भरवाया गया, जबकि अन्य को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता और निगरानी अभियान जारी रखने पर जोर दिया।

No comments:
Post a Comment