वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कोषागार से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों में वर्ष 2026 के दौरान लगभग 16,247 पेंशनरों के सापेक्ष केवल 11,647 को ही नवंबर में जीवित प्रमाण पत्र जमा करना है। मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने पेंशनरों से अपील की है कि वे अपनी देय तिथि के अनुसार ही जीवित प्रमाण पत्र जमा करें, ताकि उनकी सही पहचान कर प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
उन्होंने बताया कि नवंबर 2026 में केवल उन्हीं पेंशनरों को कोषागार आने की आवश्यकता है, जिनकी जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की देय तिथि इसी माह है। अन्य पेंशनर अपने निर्धारित माह के अनुसार वर्ष के दूसरे महीनों में भी जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
जीवित प्रमाण पत्र जमा करने का सही महीना जानने के लिए पेंशनर कोषवाणी की वेबसाइट Koshvani.up.nic.in पर जाकर पेंशनर कॉर्नर में पेंशन भुगतान विवरण विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद कोषागार का चयन कर अपना बैंक खाता नंबर दर्ज करें और सुरक्षा कोड भरें। इस प्रक्रिया से घर बैठे ही प्रमाण पत्र जमा करने की निर्धारित तिथि की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत पेंशनर अपने स्मार्टफोन से भी घर बैठे ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के प्ले स्टोर से पहले आधार फेस आरडी ऐप और फिर जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। जीवन प्रमाण ऐप खोलकर मांगी गई जानकारी भरने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीवित प्रमाण पत्र ऑनलाइन भेजा जा सकता है।
उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि वे अपनी निर्धारित तिथि की जानकारी लेकर समय से जीवित प्रमाण पत्र जमा करें और घर बैठे ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि पेंशन संबंधी कार्यों में अनावश्यक परेशानी न हो।

No comments:
Post a Comment