वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने दो युवकों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में वांछित अभियुक्त प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय तथा प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार प्रेम प्रकाश पुत्र स्व. राजबली सिंह, ग्राम ऊनखास, थाना कोतवाली खलीलाबाद का निवासी है। पुलिस ने उसे 14 अक्टूबर को डारीडीहा मोड़ से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को छत्रपति साहूजी महाराज इंटर कॉलेज, काटगंगा के पास दो युवकों पर फायरिंग किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से 32 बोर के दो खोखा कारतूस बरामद हुए, जिनके पेंदे पर 7.65 KF अंकित था। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और खोखा कारतूसों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर की सुबह उसके कमरे पर सोनू, डब्लू, प्रियांशु उर्फ टायसन और आदित्य आए थे। प्रियांशु ने दो युवकों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई। इसके बाद सभी ने उन्हें रास्ते में रोककर मारने की योजना बनाई। आरोप है कि काटगंगा स्थित कॉलेज के पास बाइक से आ रहे दोनों युवकों को रोककर मारपीट की गई और डब्लू ने पिस्टल से फायरिंग की। लोगों के जुटने पर सभी मौके से भाग गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 944/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई की है।

No comments:
Post a Comment