- कैंट पुलिस ने शुरू किया सत्यापन अभियान, रेलवे स्टेशन पर चलने वाले चालकों का विवरण किया जा रहा दर्ज
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऑटो-ई-रिक्शा में छूटने वाले सामान की बरामदगी को आसान बनाने के लिए कैंट पुलिस ने विशेष पहल की है। इसके तहत स्टेशन क्षेत्र में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर वाहनों पर यूनिक कोड नंबर अंकित किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से जरूरत पड़ने पर संबंधित वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचना आसान होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे चौकी प्रभारी रवि प्रकाश कुंवर की देखरेख में पुलिस टीम ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर उन्हें विशिष्ट पहचान संख्या दे रही है।
- R-01 और R-02 जैसे कोड से होगी पहचान
अभियान के तहत वाहनों पर R-01, R-02 जैसे यूनिक कोड अंकित किए जा रहे हैं। इसमें ‘R’ का अर्थ रेलवे है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी यात्री का सामान ऑटो या ई-रिक्शा में छूट जाता है, तो कोड के माध्यम से संबंधित वाहन की पहचान करने और सामान वापस दिलाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही किसी आपराधिक घटना की जांच के दौरान भी वाहन और चालक का पता लगाने में सुविधा होगी।
- चालकों का नाम-पता और मोबाइल नंबर दर्ज
यूनिक नंबर देने के साथ ही पुलिस संबंधित चालकों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड से संबंधित विवरण रजिस्टर में दर्ज कर उनका सत्यापन कर रही है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य स्टेशन क्षेत्र में संचालित वाहनों की पहचान सुनिश्चित करना और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने में सहयोग देना है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में ऑटो और ई-रिक्शा की पहचान के लिए यूनिक नंबरिंग व्यवस्था यात्रियों के सामान की सुरक्षा, शिकायतों के निस्तारण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में उपयोगी साबित हो सकती है। कैंट पुलिस की इस पहल से स्टेशन क्षेत्र में यात्री सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment