<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, October 7, 2026

ताइक्वांडो में गोरखपुर, आगरा और मुरादाबाद का जलवा, अपने-अपने वर्ग में बने चैंपियन


गोरखपुर। मुरारी इंटर कॉलेज के खेल परिसर में चल रही 70वीं माध्यमिक विद्यालयी बालक-बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता का बुधवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। अंडर-19 में गोरखपुर, अंडर-17 में आगरा तथा अंडर-14 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने चैंपियन बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
अंडर-19 बालक वर्ग में गोरखपुर मंडल ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक के साथ कुल 15 अंक हासिल किए और प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुरादाबाद मंडल दो स्वर्ण व दो कांस्य पदक के साथ 12 अंक लेकर दूसरे तथा आगरा मंडल 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-17 बालक वर्ग में आगरा मंडल का दबदबा रहा। टीम ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक के साथ सर्वाधिक 24 अंक अर्जित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मुरादाबाद मंडल 22 अंकों के साथ दूसरे और लखनऊ मंडल 15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। कुल 16 अंकों के साथ टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। आगरा मंडल 13 अंकों के साथ दूसरे तथा बरेली मंडल 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी सहजनवा नमन मेहता ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रतिभा को समय रहते पहचानकर उन्हें बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वे प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत मुरारी इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद स्वागत गीत, योग नृत्य और देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया। दर्शकों ने प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।
प्रदेशीय प्रतियोगिता के संयोजक एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन विद्यासागर मिश्र एवं अभय प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी, डॉ. विश्व प्रकाश सिंह, रविंद्र त्रिपाठी, सुप्रिया सिंह, डॉ. गिरजेश पांडेय, डॉ. अजय पांडेय, डॉ. अरुणेंद्र राय, हृदयेश रावत, शैलेंद्र प्रताप, आलोक श्रीवास्तव, विवेकानंद मिश्र, राम हरि यादव, मनोज सिंह, संपूर्णा उपाध्याय, रामकृपाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages