बस्ती। नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और सेवा सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष डा. वी.के. वर्मा और डा. दिनेश सिंह कुशवाहा को सोमवार को नगर पुलिस ने गोटवा स्थित पटेल एस.एम.एच. हॉस्पिटल पर नजरबंद कर दिया। दोनों पदाधिकारी मांगों के समर्थन में लखनऊ में आयोजित धरने में शामिल होने जा रहे थे।
डा. वी.के. वर्मा ने बताया कि जनपद के करीब 1100 संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर तीन दिनों तक कार्य बहिष्कार किया और मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इसके बावजूद मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने के कारण 12 अक्टूबर को लखनऊ में धरना देने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।
डा. वर्मा ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें नजरबंद करने जैसी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। उन्होंने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और सेवा सुरक्षा सहित सभी न्यायोचित मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment