वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना गोंडा की टीम ने ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के मोबाइल व कीमती सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का एक मोबाइल और लूट की पीली धातु की नाक की कील बरामद हुई है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को रेलवे स्टेशन झिलाही के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर चेकिंग के दौरान आरोपी सुनील कुमार जायसवाल (24) को गिरफ्तार किया गया। वह गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबागंज का निवासी है। उसका स्थायी पता बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शेखापुर पचौटे गांव का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी यात्रियों का सामान चोरी करने और उन्हें डराकर मोबाइल व कीमती वस्तुएं छीनने में शामिल था। बरामद नाक की कील लूट से संबंधित बताई गई है, जबकि मोबाइल चोरी का है। नाक की कील के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 131/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। मोबाइल की जांच की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने खर्च चलाने के लिए ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों का कीमती सामान व मोबाइल चोरी करता था। चलती ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को डराकर उनका सामान छीन लेता था। चोरी और लूट के सामान को अनजान यात्रियों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देता था। पुलिस के अनुसार, वह चोरी का मोबाइल और नाक की कील बेचने तथा दोबारा चोरी करने के इरादे से झिलाही स्टेशन पहुंचा था, जहां उसे पकड़ लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी थाना प्रभारी राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक राम चौकी प्रभारी मनकापुर, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल आयुष यादव शामिल रहे। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

No comments:
Post a Comment