<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, October 12, 2026

शिक्षक हितों की पैरवी, सुरक्षा और सम्मान का भरोसा; ध्रुव त्रिपाठी के समर्थन में गरजे योगी


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

गोरखपुर। महंत दिग्विजयनाथ पार्क में सोमवार को आयोजित विशाल शिक्षक संवाद में शिक्षकों का जनसैलाब उमड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने शिक्षकों की भारी भागीदारी को प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के व्यापक समर्थन का संकेत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माता है। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

शिक्षकों के लिए कैशलेस उपचार और सुरक्षा पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों सहित शिक्षकों के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार और बीमा सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अपनी जायज मांगों के लिए धरना-प्रदर्शन की नौबत नहीं आनी चाहिए। शिक्षक के साथ अभद्रता या दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पूर्ववर्ती सरकारों की शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की सराहना करते हुए कहा कि वह हमेशा शिक्षकों की समस्याओं और हितों को लेकर उनसे मिलते रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों के समर्थन से उनकी जीत का विश्वास जताया।

रवि किशन ने भी की समर्थन की अपील

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि विभिन्न जिलों से शिक्षकों की भागीदारी शिक्षक समाज की एकजुटता दर्शाती है। सांसद रवि किशन शुक्ला ने ध्रुव त्रिपाठी को शिक्षकों के संघर्षों को समझने वाला नेता बताया। प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शिक्षक सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दारा सिंह चौहान, दयाशंकर सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, विजय दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक संगठन के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages