वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
रुधौली, बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली क्षेत्र में तेज हवा और भारी बारिश से गिरे गन्ने की फसल का उपगन्ना आयुक्त गोरखपुर राजीव राय ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने महुआ, खजुआ, गौतम करहली, भरवलिया और कसैला गांवों में किसानों के खेतों पर पहुंचकर फसल की स्थिति देखी और गन्ने को नुकसान से बचाने के लिए किसानों को जरूरी सुझाव दिए।
उपगन्ना आयुक्त राजीव राय ने किसानों से अपील की कि गिरे हुए गन्ने की समय रहते बंधाई कर दें, ताकि फसल को दोबारा सीधा कर उत्पादन में होने वाली कमी को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि खेत में गन्ना गिरने से उत्पादन प्रभावित होता है। साथ ही जंगली जानवरों से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बढ़ जाती है।
जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया ने किसानों से शरदकालीन गन्ने की बुवाई अधिक क्षेत्रफल में करने का आह्वान किया। उन्होंने 0118, 14201, 16202 और 15023 जैसी अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियों की बुवाई पर जोर दिया।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों से कहा कि शरदकालीन गन्ने की बुवाई के लिए फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर समय रहते बीज आरक्षित करा लें। उन्होंने बताया कि गांव-गांव कृषक गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, उपमहाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला समेत क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment